• Home
  • National
  • नेताओं की नजरबन्दी के विरोध में सत्याग्रह पर बैठे कांग्रेसी

नेताओं की नजरबन्दी के विरोध में सत्याग्रह पर बैठे कांग्रेसी

कानपुर। जिला कांग्रेस कमेटी कानपुर नगर ग्रामीण ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय तथा सांसद किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर और तनुज पुनिया को अयोध्या में रामलला के दर्शन से रोके जाने और उनकी गिरफ्तारी/नजरबंदी के विरोध में फूलबाग स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा पर सत्याग्रह किया।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का उत्तर प्रदेश के सभी कांग्रेस सांसदों के साथ अयोध्या में श्रीराम मंदिर जाकर दर्शन करने का कार्यक्रम था। उनका आरोप है कि राम मंदिर ट्रस्ट में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले के तूल पकड़ने के बाद स्थानीय प्रशासन ने अजय राय को अयोध्या के एक होटल से रात में ही हिरासत में लेकर पुलिस वाहन से कृषि विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस पहुंचाया, जहां उन्हें नजरबंद कर दिया गया।
कांग्रेस का यह भी आरोप है कि अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा को अयोध्या पहुंचते ही अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ रोक लिया गया, जबकि बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया को उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया गया।
जिला नगर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसदों की गिरफ्तारी के विरोध में गांधी प्रतिमा पर सत्याग्रह किया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को रिहा किए जाने तथा भगवान श्रीराम के दर्शन में बाधा न डालने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ता राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी करते रहे।
जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि भगवान श्रीराम का नाम लेकर सत्ता में आने वालों ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताएं की हैं और अब कांग्रेस नेताओं को दर्शन करने से रोककर अलोकतांत्रिक कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता ऐसे लोगों को बेनकाब करेगा।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन मोहन शुक्ला ने कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी को तानाशाहीपूर्ण कदम बताते हुए सरकार की आलोचना की। वहीं, नरेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
सत्याग्रह में मदन मोहन शुक्ला, आमोद त्रिपाठी, नरेश त्रिपाठी, अतहर नईम, शक्ति पांडे, सतीश दीक्षित, सुमन तिवारी, विमला पासवान, दिव्यता बाजपेई, बाबूराम सोनकर, विजय निषाद, इखलाक अहमद डेविड, अनुराग पाल, नरेंद्र चंचल कुशवाहा, तुफैल अहमद, पुरुषोत्तम त्रिपाठी, शिवम पटवा, गुड्डू पाल, दीप पांडे, नदीम बेग, सुरेंद्र यादव, कार्तिकेय शुक्ला, रवि कुमार, निखिल गुप्ता, विशाल गुप्ता, हरेराम कटियार, राजेश शुक्ला, सुशील बाजपेई, मोहित पाल सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top