कानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) आगमन के दौरान समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद अर्पित यादव के नेतृत्व में समाजवादी कार्यकर्ता और नौजवान ज्ञापन देने के लिए जा रहे थे। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने उन्हें सीटीआई चौराहे पर रोक लिया और हिरासत में लेकर एडीसीपी कार्यालय पहुंचाया। समाजवादी युवजन सभा के नेताओं का कहना था कि वे कानपुर दक्षिण के नौबस्ता स्थित केशव नगर में बने 100 बेड के अस्पताल को शुरू कराने तथा पेपर लीक के मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपना चाहते थे। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।
बताया गया कि थाना गोविंद नगर और थाना बर्रा पुलिस ने कार्यकर्ताओं को सीटीआई चौराहे पर रोककर हिरासत में लिया और बाद में एडीसीपी कार्यालय ले जाकर उनका ज्ञापन प्राप्त कराया। इस दौरान समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष अनूप यादव, पूर्व पार्षद प्रत्याशी रेशू सिंह, पूर्व पार्षद प्रत्याशी धीरेंद्र सिंह, अतुल मिश्रा, अंकित यादव, नितिन श्रीवास्तव, रौनक यादव, अमित वर्मा, पवन यादव, सूर्यांश, संदीप सिंह, ऋषभ कुमार सहित अन्य नौजवान मौजूद रहे।










