• Home
  • कानपुर नगर
  • थोड़ी सी बारिश में जलभराव से राहगीरों की बढ़ीं मुश्किलें, क्षेत्रीय लोगों में रोष

थोड़ी सी बारिश में जलभराव से राहगीरों की बढ़ीं मुश्किलें, क्षेत्रीय लोगों में रोष

कानपुर। कानपुर में हाल ही में हुई तेज आंधी और झमाझम बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव और बदहाल सड़कों की समस्या भी सामने आई है। कानपुर जोन-3 के वार्ड-87 अंतर्गत टीकापुरवा, सुंदर नगर, सागरपुरी और नई बस्ती क्षेत्रों में थोड़ी सी बारिश के बाद ही सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि सागरपुरी, टीकापुरवा और सुंदर नगर में सड़कें काफी जर्जर अवस्था में हैं। बारिश के दौरान जगह-जगह जलभराव होने से कई मोटरसाइकिल सवार और ऑटो रिक्शा चालक दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि सड़क की दुर्दशा के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कई बार क्षेत्रीय पार्षद सतीश यादव को पत्र लिखकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि वर्ष 2025 में क्षेत्र की कई सड़कों के निर्माण प्रस्ताव नगर निगम से स्वीकृत हो चुके हैं और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई है, इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया।

क्षेत्रवासियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष सतीश माहाना के क्षेत्र में होने के बावजूद विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र में विकास कार्य नहीं कराए गए और सड़कें नहीं बनाई गईं, तो आगामी चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “रोड नहीं तो वोट नहीं” के मुद्दे पर जनआंदोलन चलाया जाएगा। क्षेत्रीय नागरिक अब उच्च अधिकारियों की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं कि टीकापुरवा, सुंदर नगर, सागरपुरी और नई बस्ती में जल्द विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top