कानपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर द्वारा 29 जून 2026 को अपने क्षेत्राधिकार में शामिल सभी 15 जिलों में “निधि आपके निकट 2.0” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पीएफ सदस्यों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान ईपीएफओ के अधिकारियों एवं टीम सदस्यों ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, निष्क्रिय पीएफ खातों के निस्तारण तथा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डीएलसी) के अद्यतनीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सदस्यों को इन योजनाओं से मिलने वाले लाभों के प्रति जागरूक किया गया।
क्षेत्रीय आयुक्त, ईपीएफओ कानपुर, शाहिद इकबाल ने बताया कि “निधि आपके निकट” कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक माह की 27 तारीख को किया जाता है। यदि 27 तारीख को अवकाश होता है तो यह कार्यक्रम अगले कार्यदिवस पर आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन स्थलों की जानकारी पूर्व में समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक की जाती है, ताकि अधिक से अधिक पीएफ सदस्य इसका लाभ उठा सकें। ईपीएफओ कानपुर ने सभी पीएफ सदस्यों एवं हितधारकों से इन शिविरों में सक्रिय सहभागिता करने तथा संगठन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।










