श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। नववर्ष मेला समिति के तत्वावधान में नवसंवत्सर (हिंदू नववर्ष) की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाला विशाल नववर्ष मेला इस वर्ष अपने 25 वर्ष पूर्ण कर रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। नवसंवत्सर 2083 के उपलक्ष्य में एक दिवसीय विशाल नववर्ष मेला 18 मार्च को सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज में आयोजित होगा। मेला की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। मेला का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कवि, चित्रकार एवं गायक बाबा सत्यनारायण मौर्य की संगीतमय प्रस्तुति ‘एक शाम राष्ट्र के नाम’ होगी।
शुक्रवार रात्रि को सरस्वती शिशु मंदिर दीनदयाल नगर में आयोजित बैठक में मेला महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि रजत जयंती वर्ष के अवसर पर मेला स्मारिका का प्रकाशन किया जाएगा, जिसका विमोचन 18 मार्च को मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा। महामंत्री ने जानकारी दी कि विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन 15 मार्च से प्रारंभ होगा। 15 मार्च को रंग भरो, पोस्टर बनाओ एवं मेंहदी प्रतियोगिताएं सरस्वती शिशु मंदिर दीनदयाल नगर में आयोजित होंगी। 17 मार्च को सामान्य ज्ञान एवं निबंध प्रतियोगिताएं कृष्ण चन्द गांधी सरस्वती विद्या मंदिर में होंगी। 18 मार्च को रंगोली, रूप सज्जा, एकल नृत्य एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताएं मेला स्थल सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएंगी। एकल एवं सामूहिक नृत्य का ट्रायल 16 मार्च को सरस्वती शिशु मंदिर दीनदयाल नगर में होगा।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता पुरस्कार दिया जाएगा। बैठक का संचालन महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन मेला अध्यक्ष कमलेश अरोड़ा ने किया। बैठक में आचार्य बृजेंद्र नगर, डॉ. संजय, ललिता गुप्ता, मंत्री डॉ. दीपा अग्रवाल, योगेश आवा, अनिरुद्ध अग्रवाल, सुभाष सैनी, रजत बाल्मीकि, सह कोषाध्यक्ष गंगाधर अरोड़ा, मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, प्रचार प्रमुख विशाल रुहेला, सह प्रचार प्रमुख समीर बंसल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।









