• Home
  • मथुरा
  • योगी का मथुरा दौरा: जनता को झुनझुना और लोकतंत्र पर चोट

योगी का मथुरा दौरा: जनता को झुनझुना और लोकतंत्र पर चोट

श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा-वृंदावन आगमन पर बंद पड़ी छाता चीनी मिल को चालू कराने के लिए ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा छाता चीनी मिल पर प्रदर्शन किया गया।

धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि एक बार फिर असत्य और अर्ध-सत्य आश्वासनों का गुलाल बृजवासियों की आंखों में झोंकने के लिए मुख्यमंत्री योगी जी फिर मथुरा-वृंदावन दौरे पर पधारे हैं। जबसे ये मुख्यमंत्री बने हैं, दर्जनों बार मथुरा के चक्कर लगा चुके हैं। प्रत्येक बार करोड़ों रुपए विकास योजनाओं के नाम पर देने की घोषणा कर जाते हैं, पर कोई योजना पूरी नहीं हो पाती। छाता चीनी मिल का अब तक चालू नहीं हो पाना उनकी घोषणाओं के खोखलेपन का नमूना है। अगर मुख्यमंत्री के मथुरा जनपद के लिए किए गए ऐलानों की समीक्षा की जाए तो उन पर अमल या तो हुआ ही नहीं और हुआ भी तो आधा-अधूरा। योजनाओं में भ्रष्टाचार ने सारी सीमा तोड़ दी, योगी सरकार में विभागीय भ्रष्टाचार एक जरूरी व्यवहार बन गया है। अकेले मथुरा जिले के आंकड़े इस बात के द्योतक हैं कि आपराधिक घटनाएं योगी सरकार में बहुत बढ़ गई हैं।

मुख्यमंत्री के इशारे पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को गंगा स्नान से रोके जाने से बृजवासियों में क्षोभ है। अनेक आपराधिक घटनाओं में नामित कथित महाराज आशुतोष द्वारा शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ एफआईआर के लिए भी हर कोई मुख्यमंत्री को जिम्मेदार मान रहा है। आशुतोष उनकी शह पर श्री कृष्ण जन्मस्थान मुद्दे पर मुकदमेबाजी कर रहा है। योगी जी बताएं, आशुतोष से उनका क्या रिश्ता है?

इस आशय का वक्तव्य जारी करते हुए मथुरा जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री वैद्य पंडित मनोज गौड़ ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के आए दिन के दौरों से जनपद में गुणवत्ता पूर्ण विकास कार्यों में तेजी का दिखावा किया जाता है, पर असल में ये आडम्बर ही ज्यादा होते हैं। योगी जी अभी तक अपने मथुरा दौरे में यमुना जी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए एक शब्द नहीं बोले। उनके दौरे से प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित होती है। आम आदमी, विद्यार्थी सभी परेशानियों का सामना करते हैं। पहले से ही परेशान लोग ट्रैफिक जाम में फंस जाते हैं। मुख्यमंत्री का आगमन लोकतंत्र पर ग्रहण की तरह साबित होता है। जिसके चलते विपक्षी नेताओं को उनसे मिलने के लिए घरों में कैद कर दिया जाता है। इसका उदाहरण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर के घर की पुलिसिया घेराबंदी है। जिला कांग्रेस महामंत्री वैद्य पंडित मनोज गौड़ ने इसे लोकतंत्र पर आघात बताते हुए योगी सरकार और प्रशासन की कड़ी भर्त्सना की है।

इस मौके पर नरेंद्र शर्मा, प्रमोद शर्मा, रतेंद्र सिसोदिया, विक्रम सिसोदिया, हाकिम सिंह, बांके बिहारी, आसिफ कुरेशी, परसोत्तम चौधरी, केशव, सुभाष, धर्मेंद्र सिंह, मोहन सिसोदिया, धम्मा पहलवान आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top