श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का जनपद मथुरा आगमन हुआ। उनका हेलीकॉप्टर पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान के परिसर में उतरा। यहां उनका स्वागत विधायक पूरन प्रकाश, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अभिजित मित्र, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने किया।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा दीवारों पर बनाई गई वॉल पेंटिंग और कलाकृतियों का अवलोकन किया। इन चित्रों में जल संरक्षण, पौष्टिक आहार, प्रकृति संरक्षण, पशु क्रूरता पर रोक, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की सुंदरता और श्रीकृष्ण से जुड़े चित्रों को दर्शाया गया था। छात्रों ने अपनी-अपनी कलाकृतियों के संदेश और महत्व से राज्यपाल को अवगत कराया, जिसकी उन्होंने सराहना की। इस दौरान एक छात्र ने पेंसिल से बनाया हुआ आकर्षक स्केच भी उन्हें भेंट किया।
इसके बाद राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के अशोक गेस्ट हाउस में कार्य परिषद (कार्य समिति) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विश्वविद्यालय के विभिन्न एजेंडों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उन्हें अनुमोदन प्रदान किया गया। विश्वविद्यालय की कुलाधिपति के रूप में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में 10 मार्च 2026 को विश्वविद्यालय का 15वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में तथा भारत सरकार के पशुपालन आयुक्त डॉ. नवीन बी. महेश्वरप्पा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय द्वारा कुल 177 उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 69 बीवीएससी एवं एएच, 74 स्नातकोत्तर, 5 पीएचडी तथा 29 बायोटेक्नोलॉजी की डिग्रियां शामिल हैं। शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विद्यार्थियों को 20 पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 14 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। इसके अलावा समारोह में 4 सर्वश्रेष्ठ शोधप्रबंध पुरस्कार (स्नातकोत्तर), 1 सर्वश्रेष्ठ शोधप्रबंध पुरस्कार (पीएचडी) और 1 सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान 2 पुस्तकों, विश्वविद्यालय समाचार पत्र और पशुधन पत्रिका का लोकार्पण भी किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों और गोद लिए गए गांवों के विद्यालयों के साथ भी कार्य कर रहा है। इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान 25 आंगनवाड़ी केंद्रों को अवसंरचना सुदृढ़ीकरण हेतु किट वितरित की जाएंगी।





