• Home
  • मथुरा
  • राज्यपाल ने राजकीय बाल गृह (बालिका) का किया निरीक्षण

राज्यपाल ने राजकीय बाल गृह (बालिका) का किया निरीक्षण

श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) का निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्रवेश द्वार पर बाल गृह की सात बालिकाओं ने उन्हें पुष्प भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता ने बाल गृह की संक्षिप्त जानकारी देते हुए बताया कि महिला आश्रय सदन का भवन वित्तीय वर्ष 2008-09 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कार्यदायी संस्था मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के माध्यम से बनवाया गया था। पहले इस भवन में वृद्ध एवं विधवा माताओं के लिए पांच आश्रय सदन संचालित थे, जिन्हें वर्ष 2024-25 में शासन के निर्देश पर बंद कर माताओं को कृष्ण कुटीर महिला आश्रय सदन में स्थानांतरित कर दिया गया।

भवन के जीर्ण-शीर्ण होने के कारण महिला कल्याण विभाग द्वारा लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से इसका अनुरक्षण कराया गया है। अक्टूबर 2025 से इस परिसर में 200 बालिकाओं की क्षमता वाला राजकीय बाल गृह (बालिका) संचालित किया जा रहा है। परिसर में आगे सखी निवास (वर्किंग वूमेन हॉस्टल) और शक्ति सदन (18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए) संचालित करने का प्रस्ताव है। जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र ने बताया कि वर्तमान में बाल गृह में 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग की 98 बालिकाएं तथा संवासिनियों के 7 बच्चे रह रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने दो बच्चों फैजान और हर्षिता का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा बच्चों को बेबी किट और कपड़े वितरित किए। इसके साथ ही संवासिनियों को गिफ्ट हैम्पर और टी-शर्ट भी प्रदान किए। कार्यक्रम में कौशल विकास के अंतर्गत दो महिला उद्यमियों अनीता सारस्वत और सीमा छापरिया को सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की तीन लाभार्थियों—कु. सिमरन, कु. मीनाक्षी और कु. तन्वी—को स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत कु. चेतना, कु. कृष्णा और कु. प्रियंका गोस्वामी को भी स्वीकृति पत्र दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने बाल गृह परिसर में बरगद का पौधा लगाकर वृक्षारोपण भी किया। अंत में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने उन्हें श्री बांके बिहारी जी की आकर्षक स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top