मथुरा। नववर्ष मेला समिति के तत्वावधान में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा संवत् 2083 की पूर्व संध्या पर 18 मार्च को आयोजित होने वाले विशाल नववर्ष मेला के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं 15 से 18 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। ये प्रतियोगिताएं सरस्वती शिशु मंदिर दीनदयाल नगर, कृष्णचंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज में संपन्न होंगी। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
सोमवार देर सायं सरस्वती शिशु मंदिर दीनदयाल नगर में आयोजित प्रतियोगिता विभाग की बैठक में मेला महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत् 2083 की पूर्व संध्या पर 18 मार्च को सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज के मैदान में विभिन्न आकर्षणों से युक्त मथुरा का पारंपरिक विशाल नववर्ष मेला आयोजित किया जाएगा।
मेला मंत्री एवं प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. दीपा अग्रवाल ने बताया कि 15 मार्च को सरस्वती शिशु मंदिर दीनदयाल नगर में मेहंदी, पोस्टर बनाओ और रंग भरो प्रतियोगिताएं होंगी। 17 मार्च को कृष्णचंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज माधव कुंज में सामान्य ज्ञान और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं 18 मार्च को मेला स्थल सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज में रंगोली, रूप सज्जा, सामूहिक नृत्य और एकल नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी। सभी प्रतियोगिताएं सायं 5 बजे से शुरू होंगी।
प्रतियोगिता संयोजक हरवीर सिंह ने बताया कि सभी प्रतियोगिताएं भारतीय संस्कृति और देशभक्ति की भावना पर आधारित होंगी। एकल और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के लिए ट्रायल 16 मार्च को सरस्वती शिशु मंदिर दीनदयाल नगर में दोपहर 2 से 3 बजे तक होगा। सभी प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 मार्च दोपहर 2 बजे तक निर्धारित की गई है।
मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा के अनुसार प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को 18 मार्च की रात्रि 9 बजे मेला स्थल पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। सामूहिक प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान पर 5100 रुपये, द्वितीय पर 3100 रुपये और तृतीय पर 2100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं एकल प्रतियोगिताओं में प्रथम को 2100 रुपये, द्वितीय को 1100 रुपये और तृतीय को 500 रुपये की धनराशि दी जाएगी।
बैठक में प्रतियोगिता सह संयोजिका डॉ. रुचि अग्रवाल, दीपेश श्रीवास्तव, राजीव पाठक, अजय अग्रवाल, गंगाधर अरोरा, मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, दिनेश सिंह, डॉ. जमुना शर्मा, अनुराधा शर्मा, ब्रजनंदन सिंह, वृषभान गोस्वामी, महावीर सिंह, शुचि अग्रवाल, रुकमपाल, फूलचंद, महेश गोस्वामी, ठाकुरलाल, रविंद्र प्रताप सिंह, अनामिका दीक्षित, सीमा यादव, दीपा चतुर्वेदी, प्रिया वशिष्ठ और कान्हा यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





