श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। आम आदमी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष रवि प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि राज्यसभा सांसद एवं पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में एक पदयात्रा 3 अप्रैल को आगरा से शुरू होकर 9 अप्रैल को मथुरा में एक जनसभा के साथ समाप्त होगी। यात्रा 8 अप्रैल की शाम तक मथुरा पहुँच जाएगी। यात्रा में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़े पैमाने पर हिस्सा लेंगे। इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य “रोजगार दो” और “सामाजिक न्याय दो” जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को जनता तक पहुँचाना है। यह संजय सिंह की उत्तर प्रदेश में चौथी पदयात्रा है।
पहली यात्रा अयोध्या के सरयू तट से प्रयागराज के संगम तट तक संपन्न हुई थी। इसके बाद रामपुर से अमरोहा तक “वोट बचाओ, संविधान बचाओ” यात्रा आयोजित की गई। तीसरी यात्रा मिर्जापुर से सारनाथ-वाराणसी तक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इन सभी यात्राओं में जनता का भारी समर्थन मिला। आगरा से मथुरा तक की यह यात्रा बेरोजगारों को रोजगार के अवसर और समाज के शोषित एवं उत्पीड़ित वर्गों को सामाजिक न्याय दिलाने का संदेश देगी। इसके तहत बेरोजगारों को रोजगार न मिलने तक ₹10,000 प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देने की मांग भी उठाई जाएगी।





