मथुरा। नववर्ष मेला समिति के तत्वावधान में सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित 25वें नववर्ष मेला समारोह का समापन नवसंवत्सर की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक आगरा जोन शैलेश कुमार पाण्डेय ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे मेले मनोरंजन के साथ-साथ आपसी मेलजोल बढ़ाने का भी अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से कलाकारों, शिल्पकारों और विभिन्न हुनरमंदों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है।
इस अवसर पर संत स्वामी कार्ष्णि गोविन्दानन्द महाराज ने नवसंवत्सर 2083 पर आशीर्वचन देते हुए कहा कि भारत भूमि तपस्वियों और वीरांगनाओं की भूमि है, और इस नववर्ष की गौरवशाली परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है।
कार्यक्रम का शुभारंभ शैलेश कुमार पाण्डेय, समिति अध्यक्ष कमलेश अरोड़ा तथा विभाग संघ चालक वीरेंद्र मिश्र द्वारा मां भगवती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान नववर्ष मेला के 25 वर्ष पूर्ण होने पर समिति की स्मारिका ‘नव प्रवाह’ का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष कमलेश अरोड़ा ने दिया।
इससे पूर्व मेला स्थल पर भूमि पूजन एवं हवन का आयोजन किया गया, जिसमें यजमान के रूप में यादवेंद्र अग्रवाल एवं उनकी पत्नी अंजना अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने भाग लिया। हवन पंडित श्यामू चतुर्वेदी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न कराया गया, जिसके बाद प्रसाद वितरण किया गया।
समारोह में महानगर प्रचारक सचिन भारत, डॉ. संजय अग्रवाल, शिव कुमार शर्मा, विजय बंटा, प्रदीप अग्रवाल, राजीव कृष्ण, अनिरुद्ध अग्रवाल, सुभाष सैनी, मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, विशाल रुहेला, समीर बंसल, डॉ. जमुना देवी शर्मा, डॉ. रुचि अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सायंकाल आयोजित सांस्कृतिक संध्या में रंगोली, रूप सज्जा, सामूहिक एवं एकल नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। रूप सज्जा प्रतियोगिता में विभिन्न वेशभूषा में सजे बच्चों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिताएं संयोजक डॉ. सीमा मिश्रा, दीपा चतुर्वेदी, आरती शर्मा, प्रिया वशिष्ठ, रजनी भट्ट, अंजू गौतम और अनामिका दीक्षित के निर्देशन में सम्पन्न हुईं। इस अवसर पर डॉ. दीपा अग्रवाल एवं हरवीर सिंह भी उपस्थित रहे।





