हाथरस। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सासनी गेट चौराहे पर नवनिर्मित वातानुकूलित हाईटेक यातायात पुलिस बूथ का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र कृष्ण नारायण, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी निरीक्षक यातायात, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सासनी गेट चौराहा शहर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में शामिल है। यहां यातायात नियंत्रण को बेहतर बनाने के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह हाईटेक बूथ स्थापित किया गया है। इस बूथ में पीए सिस्टम, वायरलेस स्पीकर, माइक और एयर कंडीशनिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे ट्रैफिक संचालन को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाया जा सकेगा। साथ ही, आमजन को आवश्यक घोषणाएं और दिशा-निर्देश समय-समय पर दिए जा सकेंगे।
यह बूथ न केवल स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट व्यवस्था को मजबूती देगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने में भी सहायक सिद्ध होगा। ट्रैफिक इंचार्ज अनूप कुमार ने बताया कि जिले में इस प्रकार का बूथ पहली बार स्थापित किया गया है। इसके बनने से ट्रैफिक नियंत्रण में काफी सुविधा मिलेगी और कर्मचारियों के बैठने के लिए भी उचित व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।




