• Home
  • फिरोजाबाद
  • संपूर्ण समाधान दिवस में 50 में से 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस में 50 में से 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

फिरोजाबाद। तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी रमेंश रंजन एवं एसएसपी सौरभ दीक्षित ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतकर्ताओं को संतुष्टि मिलनी चाहिए और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाधान दिवस के दौरान कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपा गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और संवेदनशीलता अनिवार्य है। इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, जिला पूर्ति, जल निगम, भूमि विवाद, समाज कल्याण, नगर निगम एवं बिजली विभाग से संबंधित सर्वाधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। एक शिकायत में राधाकृष्ण ने बताया कि उनके बिजली मीटर में प्रतिदिन 25 से 30 यूनिट खपत दर्ज हो रही है, जबकि वास्तविक उपयोग बेहद कम है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता (विद्युत) को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अनुराधा सिंह, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के.एम. सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी स्वीटी सिंह, डीएफओ एवं जल निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top