फिरोजाबाद। लखनऊ में अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े जाने और विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में गुरुवार को बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में कहा कि 17 मई को लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की वे कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने घटना की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।
अधिवक्ताओं का कहना था कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष रीतेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे।










