फिरोजाबाद। पावर कॉरपोरेशन द्वारा शहरी क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न इलाकों में बिजली चोरी के कई मामले पकड़े जाने से हड़कंप मच गया। मुख्य अभियंता जोन भरत सिंह और अधीक्षण अभियंता शहर विजय मोहन खेड़ा के निर्देशन में अवर अभियंता विजिलेंस वीएन सिंह तथा सहायक अभियंता संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को विद्युत चोरी रोको अभियान चलाया गया।
टीम ने सुहाग नगर, पुरुषोत्तम बिहार, रामनगर और लेबर कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में घर-घर जाकर विद्युत कनेक्शनों की जांच की। सघन चेकिंग अभियान के दौरान आधा दर्जन से अधिक घरों में बिजली चोरी होते हुए पकड़ी गई। अवर अभियंता रेड मोहित सिकरवार ने बताया कि सभी आरोपितों की वीडियोग्राफी कर संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान अवर अभियंता अमर राज सिंह, जय सिंह सहित अन्य संविदाकर्मी मौजूद रहे।





