फिरोजाबाद। महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा दक्षता और आत्मरक्षा कौशल को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन में महिला आरक्षियों के लिए सेल्फ डिफेंस रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को आत्मनिर्भर, सजग और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई के लिए सक्षम बनाना था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध/महिला अपराध के नेतृत्व में महिला आरक्षियों को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों, आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, व्यक्तिगत सुरक्षा उपायों तथा महिला सुरक्षा से जुड़े व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने महिला पुलिसकर्मियों को शारीरिक दक्षता बढ़ाने, मानसिक सतर्कता बनाए रखने और विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ कार्य करने के लिए विशेष अभ्यास कराए। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को अधिक आत्मनिर्भर, सजग और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई के लिए सक्षम बनाना है, ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक दक्षता और आत्मविश्वास के साथ कर सकें।





