फिरोजाबाद। ग्राम पंचायत सांती में आयोजित ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन जनता की सेवा के लिए सदैव समर्पित है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं या नहीं, इसका जमीनी फीडबैक लेने के लिए ग्राम चौपालों का आयोजन किया जा रहा है।
ग्रामीणों द्वारा सबसे अधिक प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास की मांग की गई। इस पर परियोजना निदेशक ने बताया कि गांव के 48 पात्र लोगों के नाम सर्वे के लिए भेज दिए गए हैं और जल्द ही सभी को योजना का लाभ देकर संतृप्त किया जाएगा। चौपाल में 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की मांग भी उठी। वहीं ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव में सफाईकर्मी काफी समय से नहीं आ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि 15 दिन में स्थिति नहीं सुधरी तो संबंधित कर्मचारी को तत्काल निलंबित किया जाए।
इसके अलावा ग्रामीणों ने राशन कार्ड, आवास, पेंशन सहित अन्य समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पीडीआरडीए, बीएसए, डीसी मनरेगा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





