• Home
  • फिरोजाबाद
  • नो व्हीकल डे पर पैदल चले अफसर, स्कूटी से नगर निगम पहुंचीं महापौर

नो व्हीकल डे पर पैदल चले अफसर, स्कूटी से नगर निगम पहुंचीं महापौर

फिरोजाबाद। बढ़ते प्रदूषण और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत को कम करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिले में “नो व्हीकल डे” की अनोखी तस्वीर देखने को मिली। जिलाधिकारी की पहल पर कई अधिकारी अपने निजी वाहनों का उपयोग छोड़ पैदल ही कार्यालय पहुंचे, वहीं महापौर कामिनी राठौर स्कूटी से नगर निगम कार्यालय पहुंचीं और लोगों को ईंधन बचाने का संदेश दिया।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा हर शुक्रवार को “नो व्हीकल डे” घोषित किए जाने के बाद प्रशासनिक अमले में इसका असर दिखाई दिया। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पैदल चलकर न केवल ईंधन बचत का संदेश दिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया।

अधिकारियों का कहना है कि यदि सप्ताह में एक दिन भी लोग निजी वाहनों का कम उपयोग करें, तो इससे ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण में भी कमी लाई जा सकती है। इसी क्रम में महापौर कामिनी राठौर ने भी अपनी स्कूटी से नगर निगम पहुंचकर लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि बाजार में खरीदारी के लिए जाते समय यदि संभव हो तो पैदल जाएं या ई-रिक्शा का उपयोग करें। इससे ईंधन की बचत के साथ शहर में प्रदूषण भी कम होगा।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा भी लगातार ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। “नो व्हीकल डे” जैसी पहल समाज को नई सोच और जिम्मेदारी का संदेश देती है। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन, ई-रिक्शा और साइकिल के अधिक उपयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top