• Home
  • हाथरस
  • मुर्गी फार्म से फैल रही गंदगी और दुर्गंध, ग्रामीणों ने की शिकायत

मुर्गी फार्म से फैल रही गंदगी और दुर्गंध, ग्रामीणों ने की शिकायत

हाथरस। ग्राम पंचायत अजरोई की नवीन बस्ती नगला बाग में स्थित एक मुर्गी फार्म से फैल रही गंदगी और दुर्गंध से परेशान ग्रामीणों ने एसडीएम नीरज शर्मा से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि फार्म से निकलने वाले प्रदूषण और बदबू के कारण आसपास के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। शनिवार को एसडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में ग्राम पंचायत सदस्य प्रशांत कुमार ने बताया कि संबंधित मुर्गी फार्म बस्ती के मुख्य मार्ग पर स्थित है, जो सासनी आने-जाने का प्रमुख सार्वजनिक रास्ता है। फार्म में करीब बारह हजार मुर्गियां पाली जा रही हैं। आबादी के बेहद नजदीक होने के कारण वहां से निकलने वाली दुर्गंध और गंदगी से लोगों को गंभीर परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने शिकायत में कहा कि इस रास्ते से छोटे बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और राहगीर प्रतिदिन गुजरते हैं, लेकिन जहरीली बदबू और प्रदूषित वातावरण के चलते उनका निकलना मुश्किल हो गया है। साथ ही संक्रमण फैलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है।

शिकायत के अनुसार फार्म के आसपास मुर्गियों के अपशिष्ट और गंदगी के बड़े-बड़े ढेर जमा हैं, जिससे मच्छर, मक्खियां और अन्य रोग फैलाने वाले कीट बड़ी संख्या में पनप रहे हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर तत्काल उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top