फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल की एक बैठक रामलीला चौराहे पर आयोजित की गई, जिसमें आगामी रविवार को शिकोहाबाद में होने वाले व्यापारी महासम्मेलन की घोषणा की गई। साथ ही संगठन के विस्तार पर भी चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. गुप्ता ने कहा कि शिकोहाबाद में होने वाले इस विशाल महासम्मेलन में प्रदेश भर के व्यापारी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह उपस्थित रहेंगे।
डिप्टी मेयर केशव देव कुशवाह ने कहा कि संगठन से बड़ी कोई शक्ति नहीं होती है और संगठित होकर ही व्यापारी अपने अधिकारों को मजबूती से रख सकते हैं। युवा जिलाध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि सरकार को सर्वाधिक राजस्व व्यापारियों से ही प्राप्त होता है, इसलिए उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना आवश्यक है। प्रदेश महामंत्री रितेश अग्रवाल ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में संगठन का विस्तार करते हुए रमेश सुपर पाल को नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष और भरत चेनाली को कोषाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया।
बैठक में जिलाध्यक्ष विनोद महेश्वरी, महानगर अध्यक्ष विमलेश जैन, महामंत्री महेंद्र कुशवाहा, युवा महामंत्री नितिन अग्रवाल, अनमोल जैन, सागर, अनिल गुप्ता, किशन पांडे, आलोक मित्तल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।





