फिरोजाबाद। कांग्रेस ने जिला मुख्यालय पर बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि, बेरोजगारी और श्रमिकों के शोषण के विरोध में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जनसमस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल एवं गैस सिलेंडरों की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का सीधा असर रोजमर्रा की जरूरतों और खाद्य पदार्थों की कीमतों पर पड़ रहा है। महंगाई ने गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। सरकार युवाओं को राहत देने के बजाय उन्हें ठगने का काम कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण करने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन में धर्मसिंह यादव, हाजी सईद पटेल, उजमा देवी गुप्ता, राजवीर सिंह यादव, जितेंद्र तिवारी, प्रदीप शर्मा एड., दिनेश उपाध्याय, संदीप कुमार, एमडी पिप्पल, संतोष कुमार कुशवाह एड., डॉ. बीएस. गौतम, अजय शर्मा, लाला राईन, नीलम यादव, धर्मेंद्र यादव, रामप्रवेश यादव, कमलेश गुर्जर, रणवीर सिंह गुर्जर, रामसेवक वेद, शिवम यादव, सुरेंद्र शर्मा सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।





