फिरोजाबाद। शहर में विकास कार्यों और पेयजल समस्या को लेकर नगर निगम परिसर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब वार्ड संख्या 6 की भाजपा पार्षद उषा देवी शंखवार ने विरोध स्वरूप नगर निगम के मुख्य गेट पर मुंडन करा लिया। पार्षद के इस अनोखे प्रदर्शन से नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पार्षद उषा देवी शंखवार का आरोप है कि उनके वार्ड में लंबे समय से विकास कार्य ठप पड़े हैं और पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पानी की समस्या के समाधान के लिए पिछले तीन वर्षों से पानी की टंकी निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन नगर निगम प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे क्षेत्रीय जनता में भारी आक्रोश है।
मुंडन कराने से पहले पार्षद ने जलकल विभाग के गेट पर करीब एक घंटे तक धरना भी दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सूचना मिलते ही नगर आयुक्त प्रशांत नागर मौके पर पहुंचे और पार्षद से वार्ता की। करीब एक घंटे चली बातचीत के बाद दोपहर लगभग 1:30 बजे धरना समाप्त कराया गया। नगर निगम अधिकारियों ने पार्षद को समझाकर सरकारी वाहन से उनके घर भिजवाया।





