फिरोजाबाद। जनपद में लेखपाल भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कुल 6288 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 1042 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
परीक्षा को निष्पक्ष एवं नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक जांच और सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा की निगरानी एआई तकनीक और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की गई।
केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात रहे, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो सके। नकल रोकने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटो स्टेट की दुकानें, कोचिंग सेंटर और जनसेवा केंद्र बंद कराए गए।
प्रशासन द्वारा संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।





