• Home
  • फिरोजाबाद
  • महिला व्यापार मंडल ने जनसमस्याओं को लेकर नगर निगम में सौंपा ज्ञापन

महिला व्यापार मंडल ने जनसमस्याओं को लेकर नगर निगम में सौंपा ज्ञापन

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अंतर्गत फिरोजाबाद महिला व्यापार मंडल ने गुरुवार को शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नगर निगम में ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की। महिला महानगर अध्यक्ष नीतू शर्मा के नेतृत्व में व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त की अनुपस्थिति में अपर आयुक्त अजय कुमार गुप्ता एवं महापौर कामिनी राठौर को संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी, सफाई, स्ट्रीट लाइट और पार्कों की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

व्यापार मंडल ने रामनगर छारबाग तिराहा गली नंबर-2 में पानी की गंभीर समस्या, खुली नालियों, साफ-सफाई की कमी और स्ट्रीट लाइट न होने पर चिंता जताई। संगठन की ओर से भीषण गर्मी को देखते हुए सुबह-शाम पर्याप्त जलापूर्ति कराने, सरकारी समरसेबल लगवाने तथा आवारा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की गई।

इसके अलावा सुहाग नगर स्थित चंद्रशेखर आजाद पार्क की खराब स्थिति को लेकर भी ज्ञापन में मांग उठाई गई। व्यापार मंडल ने पार्क में बैठने की व्यवस्था, मजबूत गेट, ओपन जिम, पेयजल सुविधा और शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की। ज्ञापन में शहर के विभिन्न इलाकों में खराब स्ट्रीट लाइट, बंद पड़े समरसेबल, टूटी सड़कों और कम जलापूर्ति की समस्याओं को भी शामिल किया गया। साथ ही भीषण गर्मी से राहत के लिए प्रमुख चौराहों और बाजारों में हरे कपड़े की छाया, पानी के मटके और कूल प्वाइंट स्थापित कराने की मांग रखी गई। महापौर कामिनी राठौर और अपर आयुक्त अजय कुमार गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश देते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष रविंद्र लाल तिवारी, महानगर अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल, कौशल किशोर उपाध्याय, अलकार चौधरी, रामबाबू झा, दिनेश यादव, अर्जेश उपाध्याय, भानु उपाध्याय, नवीन उपाध्याय, राकेश बाबू शर्मा, रीना शर्मा, ओमलता सिंह, सरोज अग्रवाल, पूर्णिमा, बबीता गुप्ता, ममता गुप्ता, अंजना व्यास, सुनीता और रजनी भारद्वाज सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top