➤ राज्य कर्मचारी महासंघ ने शहीदों को किया नमन
फिरोजाबाद। शहीद दिवस के अवसर पर उ.प्र. राज्य कर्मचारी महासंघ द्वारा देश के अमर शहीदों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीदों के बलिदान को नमन किया। मुख्य विकास अधिकारी शत्रुघ्न वैश्य ने विकास भवन परिसर में शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इन महान क्रांतिकारियों ने अल्प आयु में ही राष्ट्र की स्वतंत्रता, अखंडता और एकता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
जिला सांख्यिकी अधिकारी एम.पी. सिंह ने कहा कि शहीदों का समर्पण हमें राष्ट्रीय एकता के सूत्र में बांधता है। वहीं डिप्टी सीवीओ डॉ. दीपा ने कहा कि इन वीरों का बलिदान न केवल आजाद भारत की नींव है, बल्कि वर्तमान भारत के विकास की प्रेरणा भी है। राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश कुशवाहा ने भी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
➤ शहीद भगत सिंह की 95वीं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित
शहीद भगत सिंह युवा सेवा समिति द्वारा शहीद भगत सिंह की 95वीं पुण्यतिथि स्टेशन रोड स्थित ए.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में मनाई गई।कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के संरक्षक शैलेन्द्र झा, रामबाबू धनगर, ब्रजेश धनगर एडवोकेट एवं लोकेश गुप्ता ने भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। वक्ताओं ने उनके जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।इस दौरान वक्ताओं ने भगत सिंह के प्रसिद्ध विचार— “दिल से निकलेगी न मरकर भी वतन की उल्फत, मेरी मिट्टी से भी खुशबू-ए वतन आएगी” —का उल्लेख करते हुए देशभक्ति की भावना को प्रकट किया। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष सुनील धनगर, उपाध्यक्ष ब्रजेश झा, महामंत्री विशाल सक्सेना सहित अनेक सदस्य एवं युवा उपस्थित रहे।





