• Home
  • फिरोजाबाद
  • “हमारा आंगन-हमारे बच्चे” उत्सव, जनप्रतिनिधियों ने बांटी पाठ्य पुस्तकें

“हमारा आंगन-हमारे बच्चे” उत्सव, जनप्रतिनिधियों ने बांटी पाठ्य पुस्तकें

फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जनपद स्तर पर “हमारा आंगन-हमारे बच्चे” उत्सव एवं निपुण विद्यालय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बुनियादी और प्राथमिक शिक्षा को बढ़ावा देने, अभिभावकों को जागरूक करने तथा सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने वाले शिक्षकों व विद्यालयों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा ने प्रगति स्वाभिमान-बाल उत्सव के तहत प्रदेश स्तर पर सम्मानित केजीबीवी नगर क्षेत्र की छात्रा सौम्या को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत पर छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। उन्होंने निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों की सराहना करते हुए अगले वर्ष दोगुने विद्यालयों को निपुण बनाने का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडे ने बताया कि डीएलएड प्रशिक्षुओं के माध्यम से जनपद के 1357 विद्यालयों में कक्षा 1 और 2 के छात्रों का सैम्पल आकलन कराया गया। जिन विद्यालयों में 80 प्रतिशत से अधिक छात्र निपुण पाए गए, उन्हें निपुण विद्यालय घोषित किया गया। इस प्रक्रिया में 533 विद्यालय निपुण के रूप में उभरे। उन्होंने बताया कि जनपद के 10 विकासखंडों में एका ब्लॉक प्रथम स्थान पर रहा। वहीं मंडल स्तर पर जनपद को प्रथम स्थान तथा प्रदेश स्तर पर 18वां स्थान प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का संचालन जया शर्मा और एसआरजी सुभाष चंद्र ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव, एडीएम नमामि गंगे, डायट प्राचार्या, खंड शिक्षाधिकारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top