प्रशिक्षित युवतियों को सिलाई मशीन वितरित

फिरोजाबाद। चाइल्ड फंड इंडिया पेस-दिशा की पहल के तहत सिलाई ट्रेड में प्रशिक्षित 23 युवतियों को सिलाई मशीन वितरित कर उन्हें स्वरोजगार और रोजगार के अवसर प्रदान किए गए। सरोजनी नायडू विद्यालय के प्रधानाचार्य भगवानदास शंखवार ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए युवतियों को 25 वर्ष की उम्र तक कठिन परिश्रम करना चाहिए और बाहरी दिखावे से बचते हुए मेहनत पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बताया कि सिलाई मशीन युवतियों के लिए रोजगार सृजन का एक सशक्त माध्यम बनेगी।

जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक राजीव यादव ने कहा कि सिलाई क्षेत्र में आज रोजगार की अपार संभावनाएं हैं और इसके लिए युवतियों में हुनर होना आवश्यक है। आरसेटी सेंटर के योगेश शर्मा ने पेस-दिशा संस्था के कार्यों की सराहना की। जन शिक्षण संस्थान के निदेशक एसके शर्मा ने बताया कि संस्था से प्रशिक्षित युवतियों को एनसीवीटी से प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाता है।

कांच उद्योग विकास केंद्र की डॉ ज्योति जैन ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। पेस-दिशा के प्रोजेक्ट मैनेजर कासिम अली ने कहा कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नगर की चिन्हित बस्तियों के 1,700 बच्चों और उनके परिवारों के विकास के लिए कार्य कर रही है। इस अवसर पर विहान विद्यालय की शिक्षिका विजय लक्ष्मी, आरती शुक्ला, अनुपम शर्मा, नरेश राठौर, केसी श्रीवास्तव और रेखा वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top