• Home
  • फिरोजाबाद
  • छात्राओं के सपनों को मिले पंख, साइकिल वितरण से बढ़ी शिक्षा की राह

छात्राओं के सपनों को मिले पंख, साइकिल वितरण से बढ़ी शिक्षा की राह

फिरोजाबाद। समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कोमल फाउंडेशन ने मुथूट फाइनेंस के सहयोग से श्रीमती रेवती देवी बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज, पैमेश्वर गेट में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान 25 जरूरतमंद छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। यह पहल न केवल उनके विद्यालय आने-जाने को आसान बनाएगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी नीरज पटेल, कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया, मुथूट फाइनेंस के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सोनम सेठ उपस्थित रहीं। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने कहा कि ऐसी पहलें छात्राओं की शिक्षा को नई दिशा देती हैं। साइकिल मिलने से उनकी उपस्थिति बढ़ेगी और वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगी।

नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी नीरज पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी बेटियों को शिक्षा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुथूट फाइनेंस और कोमल फाउंडेशन का यह प्रयास प्रेरणादायक है। मुथूट फाइनेंस के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत कंपनी हमेशा समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और यह पहल छात्राओं के भविष्य को संवारने में सहायक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top