मथुरा। मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक यात्री फिसलकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कांस्टेबल विजय सिंह की प्लेटफॉर्म नंबर दो पर रात्रि ड्यूटी थी। इसी दौरान मेवाड़ एक्सप्रेस निजामुद्दीन से आकर प्लेटफॉर्म पर रुकी और कुछ ही देर में चल पड़ी। ट्रेन के गति पकड़ते ही एक यात्री दौड़ते हुए पहुंचा और उसमें चढ़ने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच गिरने लगा।
स्थिति को भांपते हुए कांस्टेबल विजय सिंह तुरंत दौड़े और एक अन्य यात्री की मदद से उसे खींचकर सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर ले आए। इस दौरान कुछ क्षणों के लिए वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। इस बहादुरी भरे कार्य के लिए प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने कांस्टेबल की जमकर सराहना की। वहीं, बचाए गए यात्री ने भी उन्हें धन्यवाद दिया और वहां से चला गया। रेलवे अधिकारियों ने भी कांस्टेबल विजय सिंह के साहस और तत्परता की प्रशंसा करते हुए उन्हें पुरस्कृत किए जाने की बात कही है।





