श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन प्रदान किए गए तथा नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण/शिलान्यास किया गया। उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जिसे विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा सहित नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने देखा।
सजीव प्रसारण के पश्चात विधायक पूरन प्रकाश, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा स्मार्टफोन भी प्रदान किए। विधायक एवं एमएलसी द्वारा जनपद मथुरा में गत वर्ष निर्मित 80 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। साथ ही नवीन स्वीकृत चार बाल विकास परियोजना कार्यालयों (छाता, नंदगांव, फरह और नौहझील) का शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद में स्वीकृत 3 आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों का भी शिलान्यास किया गया, जिनमें 2 केंद्र बल्देव तथा 1 केंद्र फरह में स्थित है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा ने बताया कि जनपद में 57 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं 271 सहायिकाओं का चयन किया गया है, जिनमें से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 12 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं 12 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। शेष नवचयनित कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को उनके क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि गत वर्ष चयनित 24 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को कार्यक्रम के दौरान स्मार्टफोन वितरित किए गए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी कार्यकत्रियों को निर्देश दिए कि वे स्मार्टफोन के माध्यम से सभी डेटा समय से ऑनलाइन फीड करना सुनिश्चित करें।





