श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार वर्ष 2026 में भी संचारी रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में 1 से 30 अप्रैल 2026 तक जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से एक विशाल जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। रैली में स्वास्थ्य विभाग की आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के साथ बाल विकास सेवा विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं नगर निगम मथुरा वृन्दावन के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रैली के समापन के बाद एक सभा आयोजित की गई, जिसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संचारी रोगों से बचाव के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए और सभी कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी वीबीडी डॉ. अनुज चौधरी, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. गोपाल गर्ग सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभा में लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
क्या करें:
घर में पानी के बर्तन, ड्रम और टंकी को ढककर रखें। सप्ताह में एक बार पानी के बर्तनों को खाली करें। जहां पानी जमा होना रोका न जा सके, वहां मिट्टी का तेल या जला हुआ मोबिल ऑयल डालें। मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करें और शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। बुखार होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और दवा नियमित रूप से लें।
क्या न करें:
घर या आसपास टूटे बर्तन, टायर, गमले आदि में पानी जमा न होने दें। तेज बुखार होने पर एस्प्रिन या ब्रूफिन जैसी दवाओं का स्वयं सेवन न करें। इस अभियान का उद्देश्य जनसामान्य को जागरूक कर संचारी रोगों की रोकथाम करना और स्वच्छता के प्रति लोगों को प्रेरित करना है।





