श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। मंडल आयुक्त नगेंद्र प्रताप ने ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अंतर्गत मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का अधीनस्थ अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सबसे पहले गौरा नगर स्थित आर्टिजन सेंटर का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि यहां राधा-कृष्ण पोशाक से संबंधित लगभग 78 दुकानों, 4 कम्युनिटी हॉल और 2 प्रशिक्षण हॉल का निर्माण पूरा हो चुका है। आयुक्त ने दुकानों और हॉल का निरीक्षण करते हुए परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा अस्थायी रूप से लटके विद्युत तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद आयुक्त ने परिषद की उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र के साथ दारुक पार्किंग के सामने निर्माणाधीन ‘सेंटर फॉर लिविंग ट्रेडिशन’ का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस केंद्र में राधा-कृष्ण की पोशाक, कंठी माला, श्रृंगार सामग्री आदि का उत्पादन और विक्रय किया जाएगा, साथ ही ब्रज की संस्कृति और लोक कलाओं के प्रदर्शन एवं प्रचार-प्रसार की व्यवस्था भी होगी। यहां आउटलेट ब्लॉक, सेल सेंटर, फूड कोर्ट, किड्स प्ले एरिया के साथ एक आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण भी किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने ऑडिटोरियम में फॉल सीलिंग, स्टेज लाइट, साउंड सिस्टम और पंखों का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।





