श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर घाटी वाले बाबा, गूजर घाटी चौक बाजार में श्री हनुमान जी महाराज का भव्य अभिषेक श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रातः 8 बजे विद्वान आचार्यों के मंत्रोच्चारण के बीच 251 किलो दूध, 51 किलो दही, 51 किलो बूरा, 11 किलो घी, 11 किलो शहद, केसर, इत्र, गुलाब जल तथा गंगा नदी एवं यमुना नदी के जल से पंचामृत अभिषेक किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान को महंत बलदेव प्रसाद व्यास के नेतृत्व में चरण सेवक सोनू पंडित और मोनू पंडित ने संपन्न कराया। अभिषेक के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में भक्ति का भाव व्याप्त रहा।
शाम के समय भगवान राम दरबार, श्री हनुमंत लाल महाराज एवं श्रीनाथजी के विग्रहों को देशी-विदेशी फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। साथ ही विभिन्न व्यंजनों से युक्त छप्पन भोग अर्पित किए गए, जिससे पूरा परिसर सुगंधित पुष्पों और भोग की सुगंध से महक उठा। सजे हुए दरबार की छटा अत्यंत मनमोहक रही। रात्रि 11 बजे तक श्रद्धालुओं की दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। कार्यक्रम के अंत में महंत बलदेव प्रसाद व्यास ने भक्तों के साथ महाआरती की और प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ। इस आयोजन की व्यवस्था में सत्यनारायण शर्मा, पंकज शर्मा, गोपाल, रजत, रितेश चतुर्वेदी, टिंकल वर्मा, जौनी गोला, आशीष वर्मा, भोला, अभिषेक चतुर्वेदी, कुश शर्मा सहित कई लोगों का विशेष सहयोग रहा। अंत में महंत लक्ष्मी नारायण शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।





