• Home
  • लखनऊ
  • अवैध क्लीनिक सील, न्यायालय में परिवाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू

अवैध क्लीनिक सील, न्यायालय में परिवाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू

लखनऊ। प्रदेश के अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष ने संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र स्थित गांव सौंधन करनपुर कायस्थ में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक में तीन वर्षीय बालक की मौत की घटना का संज्ञान लिया है। इस संबंध में संबंधित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से रिपोर्ट मांगी गई थी। प्राप्त आख्या के अनुसार निरीक्षण के दौरान क्लीनिक बंद मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्लीनिक संचालक अनिकेत (पुत्र पप्पू सिंह) बिना किसी वैध अनुमति और बोर्ड के क्लीनिक संचालित कर रहा था। इसी क्लीनिक में इंजेक्शन लगाए जाने के दौरान बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद से संचालक फरार बताया जा रहा है।

प्रशासन द्वारा मकान मालिक की उपस्थिति में क्लीनिक की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई और उसे सील कर दिया गया है। साथ ही माननीय न्यायालय में परिवाद दायर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top