-
प्रधानमंत्री ने ऐशबाग जंक्शन सहित देश के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का किया वर्चुअल उद्घाटन
- डिप्टी सीएम बोले, आधुनिक रेलवे स्टेशन विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
लखनऊ। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और सुदृढ़ संपर्क व्यवस्था से भारत समृद्धि की ओर तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को देश निश्चित रूप से हासिल करेगा और वह दिन दूर नहीं जब भारत दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित ऐशबाग जंक्शन रेलवे स्टेशन सहित देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस अवसर पर ऐशबाग जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर और सुगम यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास दीर्घकालिक मास्टर प्लान के अनुसार किया गया है। स्टेशनों को हवाई अड्डों जैसी आधुनिक सुविधाओं, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी से लैस किया गया है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद जंक्शन से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जींद और सोनीपत रेलवे स्टेशनों के बीच 89 किलोमीटर के मार्ग पर संचालित होगी। इसके संचालन के लिए जींद में स्वदेशी तकनीक पर आधारित हाइड्रोजन स्टोरेज और रीफ्यूलिंग सुविधा भी विकसित की गई है। उन्होंने कहा कि पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों में स्थानीय कला, संस्कृति और वास्तुकला को आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ समाहित किया गया है। स्टेशनों पर चौड़े सर्कुलेटिंग एरिया, अलग आगमन और प्रस्थान द्वार, लिफ्ट, एस्केलेटर, आधुनिक प्रतीक्षालय, निःशुल्क वाई-फाई तथा दिव्यांगजन के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य लाल जी प्रसाद निर्मल एवं मुकेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महानगर उपाध्यक्ष विनायक पाण्डेय, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह, दिवाकर त्रिपाठी, टिंकू सोनकर, सत्येंद्र सिंह, मानवेंद्र सिंह, अंजनी श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।




