• Home
  • लखनऊ
  • एसजीपीजीआई का 30वां दीक्षांत समारोह संपन्न, 279 विद्यार्थियों को प्रदान की गईं डिग्रियां

एसजीपीजीआई का 30वां दीक्षांत समारोह संपन्न, 279 विद्यार्थियों को प्रदान की गईं डिग्रियां

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उत्कृष्ट संकाय सदस्यों व शोधकर्ताओं को किया सम्मानित

लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) का 30वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को श्रुति सभागार में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं संस्थान की कुलाध्यक्ष (विजिटर) आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। समारोह में उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ब्रजेश पाठक तथा चिकित्सा शिक्षा सचिव एवं महानिदेशक (चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण) नेहा शर्मा भी मौजूद रहीं। समारोह का शुभारंभ पारंपरिक शैक्षणिक शोभायात्रा के साथ हुआ, जिसका नेतृत्व कार्यकारी कुलसचिव कर्नल वरुण बाजपेयी ने किया। इसके बाद चिकित्सा शिक्षा सचिव नेहा शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। संस्थान के निदेशक प्रो. आर.के. धीमन ने संस्थान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना एवं दृष्टिकोण साझा किया। उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर सभी डिग्रियां डिजिटल रूप से डिजिलॉकर में भी उपलब्ध कराई गईं।

दीक्षांत समारोह में अनुसंधान एवं क्लीनिकल गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 13 संकाय सदस्यों एवं रेजिडेंट्स को सम्मानित किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रो. एस.एस. अग्रवाल पुरस्कार, प्रो. एस.आर. नाइक पुरस्कार, प्रो. आर.के. शर्मा पुरस्कार, डॉ. सब्यसाची सरकार पुरस्कार सहित सर्वाधिक पेटेंट तथा इंट्रामुरल एवं एक्स्ट्रामुरल शोध अनुदान प्राप्त करने वाले संकाय सदस्यों को सम्मानित किया। इस वर्ष पहली बार संस्थान के सर्वश्रेष्ठ संकाय सदस्य को ‘गवर्नर्स गोल्ड मेडल’ प्रदान किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान डॉ. नारायण प्रसाद को दिया गया। समारोह में प्रो. सबरतनम एवं प्रो. गौरव अग्रवाल तथा प्रो. राजेश हर्षवर्धन द्वारा लिखित पुस्तकों का भी विमोचन किया गया।

कार्यक्रम में मां के महत्व पर आधारित प्रेरक प्रस्तुति, गुजराती लोक नृत्य तथा एसजीपीजीआई द्वारा गोद लिए गए गांवों के स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी पुरस्कार विजेताओं और उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि चिकित्सा पेशे में सेवा, करुणा, गरिमा और समर्पण सर्वोच्च मूल्य हैं तथा प्रत्येक चिकित्सक को अपनी शपथ के प्रति सदैव निष्ठावान रहना चाहिए। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बहराइच जिले के अधिकारियों को एचपीवी टीकाकरण प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आंगनबाड़ी किट वितरित कीं। उन्होंने एचपीवी टीकाकरण, आंगनबाड़ी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, चिकित्सकीय प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने तथा आरोग्य मंदिर, अक्षय पात्र और आयुष्मान भारत योजना के महत्व पर भी प्रकाश डाला। समारोह के अंत में एसजीपीजीआई के निदेशक प्रो. आर.के. धीमन ने अतिथियों का पौधे भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद कार्यकारी कुलसचिव कर्नल वरुण बाजपेयी, डीन प्रो. शालीन कुमार एवं निदेशक प्रो. आर.के. धीमन ने विभिन्न पाठ्यक्रमों के 279 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top