• Home
  • लखनऊ
  • पर्यावरण के लिए समर्पित है हमारी सरकार : ब्रजेश पाठक

पर्यावरण के लिए समर्पित है हमारी सरकार : ब्रजेश पाठक

-सुबह सात से शाम सात बजे तक चला ‘एक पेड़ मां के नाम’ विशेष अभियान
-चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने भी लगाए 16 लाख पौधे

पवन कुमार गुप्ता: लखनऊ। प्रदेश में व्यापक स्तर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ विशेष अभियान के अंतर्गत 35 करोड़ पौधों का रोपण किया गया। चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा भी 16 लाख से अधिक पौधे लगाए गए। यह बात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कही। रविवार को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत बाराबंकी के रफी अहमद किदवई स्मारक जिला चिकित्सालय परिसर, अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय एवं कुकरैल के वन क्षेत्र में पौधरोपण करने के बाद उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह से पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार द्वारा वर्ष 2017 से उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर हरित क्षेत्र बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार को सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक प्रदेशभर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के इस विशेष अभियान में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के हर वर्ग के लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि इस मेगा ड्राइव का मुख्य उद्देश्य राज्य के हरित आवरण को बढ़ाना और जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण का संरक्षण करना है। वन विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर इस अभियान में भाग लिया। इस दौरान मुख्य रूप से पीपल, बरगद, नीम, शीशम, जामुन, आम और सहजन जैसे पर्यावरण एवं स्थानीय जलवायु के अनुकूल पौधे लगाए गए।

लखनऊ की धड़कन है कुकरैल

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कुकरैल क्षेत्र लखनऊ की धड़कन है। वर्ष 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश में वन क्षेत्र में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के समय आबादी 34 करोड़ थी और आज 140 करोड़ से अधिक है। ऐसे में वृक्षों की महत्ता और अधिक बढ़ जाती है। केंद्र और प्रदेश सरकार ने वृक्षारोपण के महत्व को समझते हुए करोड़ों की संख्या में पौधारोपण कराया है।

पौधारोपण तक सीमित नहीं अभियान

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का भी महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के 35 करोड़ पौधारोपण लक्ष्य के सापेक्ष चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभागों द्वारा भी 16 लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं। इन पौधों के रोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top