-केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार, वन विभाग उत्तर प्रदेश, मिशन लाइफस्टाइल फॉर इनोवेशन एवं बीबीएयू के संयुक्त तत्वावधान में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी उपस्थित रहे। इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में करीब 8,500 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में सरोजिनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, बीबीएयू कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल और लखनऊ मंडल वन अधिकारी शितांशु पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण प्रत्येक व्यक्ति की मूल आवश्यकता है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, जो अब व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ और स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरोजिनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए वर्तमान पीढ़ी का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील की।
बीबीएयू कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि विश्वविद्यालय का ग्रीन कैंपस और समृद्ध जैव विविधता इसकी विशेष पहचान है। विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि बीबीएयू में पीएचडी में प्रवेश लेने वाले प्रत्येक शोधार्थी के लिए पौधरोपण अनिवार्य किया गया है तथा शोध प्रबंध जमा करते समय पौधे के साथ जियो-टैग फोटो भी प्रस्तुत करनी होती है। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित ‘समरस वन’ में अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने पौधरोपण किया। लगाए गए पौधों में आम, नीम, मौसमी, अमरूद, जामुन, सहजन सहित विभिन्न फलदार एवं फूलदार प्रजातियां शामिल रहीं। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण से संबंधित फोटो गैलरी का अवलोकन किया और उसकी सराहना की। उन्होंने स्कूली बच्चों एवं अभिभावकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आम और सहजन के पौधों का वितरण भी किया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने अवध वन प्रभाग द्वारा प्रकाशित कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण किया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों में आयोजित चित्रकला एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा गणेश वंदना की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति भी दी गई। पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में एनसीसी कैडेट्स एवं वनस्पति उद्यान के प्रभारी डॉ. रवि शंकर वर्मा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अभिभावक एवं बीबीएयू के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




