फिरोजाबाद। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की एक महत्वपूर्ण बैठक फिरोजाबाद क्लब में आयोजित की गई। बैठक में गोपाल शरण गर्ग को पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर हर्ष व्यक्त किया गया। एडवोकेट कुलदीप मित्तल ने बताया कि सम्मेलन द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के अंतर्गत केंद्र सरकार से सवर्ण विरोधी बताए जा रहे यूजीसी कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की गई है। साथ ही एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम में महाराजा अग्रसेन की जीवनी शामिल करने की मांग भी उठाई गई।
सम्मेलन में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखा जाए और संसद भवन परिसर में अन्य महापुरुषों के साथ उनका चित्र स्थापित किया जाए। इसके अलावा फिरोजाबाद की किसी नवविकसित कॉलोनी या अग्रवाल बाहुल्य क्षेत्र का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखने, जनगणना फॉर्म में जाति कॉलम में अग्रवाल वर्ग को शामिल करने तथा लाला लाजपत राय को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।
ब्रज प्रांत के उपाध्यक्ष मुकेश बंसल और प्रांतीय उप महामंत्री किशन बिहारी गर्ग ने जानकारी दी कि सम्मेलन द्वारा वर्तमान में 45 विधवाओं को मासिक पेंशन सहायता दी जा रही है। आगामी माह इन महिलाओं को अयोध्या धाम के दर्शन भी कराए जाएंगे। इसके लिए इच्छुक महिलाएं राकेश अग्रवाल नवरंग से पुरानी मंडी में संपर्क कर सकती हैं।
बैठक में अनिल मित्तल, अरविंद जिंदल, उमेश अग्रवाल, दाऊदयाल अग्रवाल, हरी बाबू अग्रवाल, जानकी प्रसाद, राजेश बंसल, मुकेश बंसल, राकेश अग्रवाल, संतोष टेल्को, अजय जिंदल, सुनील अग्रवाल, अजय कलई, सुनील बंसल, सुधीर गर्ग, देवप्रकाश अग्रवाल, रमेश डायमंड, दिनेश गर्ग, विपिन अग्रवाल, अतुल अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।





