• Home
  • मथुरा
  • खड़गे और पवन खेड़ा के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन

खड़गे और पवन खेड़ा के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन

मथुरा। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर की गई टिप्पणी और कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में मथुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया।

प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने खड़गे के खिलाफ की गई टिप्पणी को अशोभनीय बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह दलित विरोधी मानसिकता का परिचायक है और भाजपा सरकार के नेता अब भी सामाजिक समरसता के मूल्यों को नहीं समझ पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने शिष्टाचार की मर्यादा का उल्लंघन किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान लगे आरोपों का जवाब देने के बजाय सत्ता का दुरुपयोग कर पवन खेड़ा के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई अलोकतांत्रिक है और असहमति को दबाने का प्रयास है। कांग्रेस ने मांग की कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, अन्यथा पार्टी सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करने को बाध्य होगी।

जिला कांग्रेस महामंत्री वैद्य मनोज गौड़ ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच इस प्रकार की कार्रवाई लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने पवन खेड़ा के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई पर रोक लगाने और मुख्यमंत्री के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।

इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि, आदित्य तिवारी, आरती चौधरी, ललिता देवी, गीता दिवाकर, पुनीत बघेल, गौरांग अग्रवाल, रवि वाल्मीकि, अश्वनी शुक्ला, प्रवीण ठाकुर, विपुल पाठक, हरीश सारस्वत, धीरज शर्मा, शैलेन्द्र चौधरी, प्रदीप सागर, नरेंद्र शर्मा, महेश चौबे, बलवीर सिंह ठाकुर, भगवान सिंह, दीपक दीक्षित, पंकज चौधरी, अनिल खरे, राजेश कुमार, सुरेश शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top