मथुरा। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समय से न कराए जाने को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश धनगर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार चुनाव टालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधान, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव समय पर होने चाहिए, लेकिन सरकार इन्हें टालने में लगी है। उनके अनुसार, सरकार अपनी संभावित हार को देखते हुए पंचायत चुनाव कराने से डर रही है।
मुकेश धनगर ने कहा कि सरकार की ओर से यह कहा जा रहा है कि पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव के बाद कराए जाएंगे या उनमें देरी हो सकती है, जिससे आम जनता, किसानों और संभावित प्रत्याशियों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र का एक मजबूत और अनिवार्य स्तंभ है और इसकी जड़ें गांवों में हैं। उन्होंने हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का जिक्र करते हुए कहा कि इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे समय में यदि पंचायत चुनाव में देरी होती है तो ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित होंगे, क्योंकि पंचायत स्तर पर योजनाएं स्थानीय प्रतिनिधियों के माध्यम से संचालित होती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है और इसी कारण पंचायत चुनाव समय पर नहीं कराना चाहती। कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की घोषणा समय पर की जाए, ताकि ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित न हों।





