मथुरा। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष मोहसिना किदवई के 94 वर्ष की आयु में निधन पर सेठवाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में शोक श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि मोहसिना किदवई ने उत्तर प्रदेश से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। वे लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की सदस्य रहीं। 1960 में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की सदस्य रहते हुए उन्होंने राज्य सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, हरिजन एवं समाज कल्याण तथा लघु उद्योग मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
उन्होंने आगे बताया कि किदवई दो बार सांसद रहीं और केंद्र सरकार में श्रम एवं पुनर्वास राज्य मंत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार संभाला। वे 1976 से 1980 तक उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रहीं और 1982 में पुनः प्रदेश अध्यक्ष चुनी गईं। राजीव गांधी सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास जैसे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी निभाई।
मोहसिना किदवई को एक अनुभवी और सशक्त राजनेता के रूप में याद किया गया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत का प्रतिनिधित्व किया और अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, जर्मनी, केन्या, यूएई सहित कई देशों में भारत की भूमिका को मजबूत किया। उनके निधन को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव वैद्य मनोज गौड़ ने किया। इस अवसर पर शहीद कुरैशी, महेश चौबे, करन निषाद, अशोक निषाद, अर्पित जादौन, बलवीर सिंह, मनीष चौधरी, मोहित चौधरी, रवि उपाध्याय, मोनू निषाद, विक्रम बाल्मीकि, रमेश कश्यप, आशीष अग्रवाल, रवि वाल्मीकि, हाशिम हुमेर, शैलेंद्र चौधरी, विवेक कुमार सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।





