श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। वृंदावन के केशी घाट पर हुई नौका दुर्घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मथुरा-वृंदावन नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना दिया गया और निगम प्रशासन पर लापरवाही व भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मुकेश धनगर ने कहा कि वृंदावन में हुई नौका दुर्घटना में पंजाबी श्रद्धालुओं की मौत के लिए मुख्यमंत्री, प्रशासन, पुलिस और तीर्थ विकास परिषद के साथ-साथ नगर निगम भी बराबर का जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि यमुना घाटों और नौकायन से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने में नगर निगम पूरी तरह विफल रहा है, इसलिए नैतिकता के आधार पर महापौर को इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि यमुना की सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार किया गया है और गंदे नालों का पानी सीधे यमुना में डाला जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई के दौरान निकाली गई सिल्ट को दोबारा यमुना में डालने की घटनाएं सामने आई हैं, जो आस्था के साथ खिलवाड़ है। साथ ही नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए करों के बावजूद आम जनता को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नौका दुर्घटना की न्यायिक जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही यमुना प्रदूषण और अन्य नागरिक समस्याओं के समाधान की भी मांग उठाई गई।
अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने इस दौरान आश्वासन दिया कि नगर निगम की कीमती भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई की जाएगी। जिला कांग्रेस महामंत्री वैद्य मनोज गौड़ ने भी सरकार और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यमुना और उसके घाटों की अनदेखी की जा रही है। पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि ने कहा कि नगर निगम के पास जलभराव जैसी समस्याओं से निपटने की कोई ठोस योजना नहीं है और नियमों को दरकिनार कर अवैध रूप से स्टीमर संचालन हो रहा है।
प्रदर्शन का संचालन विपुल पाठक ने किया। इस मौके पर आदित्य तिवारी, ललिता देवी, गीता दिवाकर, रूपा लवानिया, अप्रतिम सक्सेना, जिलानी कादरी, शैलेंद्र चौधरी, अश्विनी शुक्ला, प्रवीण ठाकुर, करण निषाद, बालवीर प्रधान, शाहिद कुरेशी, संजय पचौरी, गौरी शंकर यादव, तपेश गौतम, काशन रिजवी, हाशिम हुमेर, रमेश कश्यप, कुंवर सिंह निषाद, अर्पित जादौन, अशोक निषाद, दुर्गेश बघेल, मंजू देवी, अनिल खरे, महेश चौबे, डॉ. सी.एल. शर्मा, शाहरुख खान, अरनव चौधरी, अजय कुमार, शहाबुद्दीन कुरैशी, दीपक दीक्षित, बंटी दिवाकर, चंद्र प्रकाश सिंह, गोविंदा बघेल, वीरेंद्र उपाध्याय, ललित शर्मा, रूपेश धनगर, अमित राज, लक्ष्य गौड़, नसरुद्दीन अब्बासी, सुशील सागर, लक्ष्मी नारायण, अजीम शाह, रवि वाल्मीकि सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।










