फिरोजाबाद। नगर निगम के वार्ड संख्या 12 स्थित लक्ष्मी नगर में गली निर्माण का कार्य दो वर्ष बीत जाने के बाद भी शुरू नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और स्थानीय पार्षद नगर निगम पहुंचे और मुख्य गेट पर धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी नगर में गली निर्माण के लिए नगर निगम द्वारा करीब दो वर्ष पहले टेंडर जारी किया गया था, लेकिन ठेकेदार ने अब तक काम शुरू नहीं कराया। इस दौरान क्षेत्रीय लोग लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत करते रहे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि गली लंबे समय से बदहाल स्थिति में पड़ी है, जिससे उन्हें रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में लोग नगर निगम पहुंचे। उनके साथ क्षेत्रीय पार्षद भी मौजूद रहे। सभी लोग नगर निगम के मुख्य गेट पर बैठ गए और धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने “गली निर्माण जल्द कराओ”, “ठेकेदार पर कार्रवाई करो” और “नगर निगम होश में आओ” जैसे नारे लगाए। करीब एक घंटे तक नगर निगम परिसर के बाहर हंगामा और नारेबाजी होती रही, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धरने की सूचना मिलने पर अपर नगर आयुक्त अजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि संबंधित ठेकेदार से बात कर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ठेकेदार काम में लापरवाही कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अपर नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद लोगों का आक्रोश कुछ शांत हुआ और करीब एक घंटे बाद धरना समाप्त कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे दोबारा नगर निगम का घेराव करेंगे और बड़ा आंदोलन करेंगे। धरना प्रदर्शन में पार्षद मुनेंद्र यादव, मनोज शंखवार, नीटू शर्मा सहित क्षेत्रीय महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे।





