फिरोजाबाद। विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में सैलई साती रोड बाजार समिति ने नगर निगम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
सैलई साती रोड पर आयोजित धरने को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष अम्बेश शर्मा ने कहा कि व्यापारी वर्ग नियमित रूप से हाउस टैक्स, वाटर टैक्स, जल मूल्य एवं अन्य करों के माध्यम से नगर निगम को राजस्व प्रदान करता है। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के जरिए भी निगम को विकास कार्यों के लिए धन प्राप्त होता है। इसके बावजूद सैलई साती रोड की जर्जर हालत और क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
समिति के अध्यक्ष रामगोपाल बजाज ने बताया कि 5 मई को नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर सड़क निर्माण और विद्युत पोलों पर नई एलईडी एवं मरकरी लाइटें लगाने की मांग की गई थी। इसके बाद 25 मई को नगर मजिस्ट्रेट को भी ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने व्यापारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया। इसी उपेक्षा के विरोध में व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन किया।
धरने के दौरान व्यापारियों ने थाना रामगढ़ प्रभारी निरीक्षक संजीव दुबे को नगर आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते हुए सड़क का शीघ्र निर्माण कराने और समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापार मंडल जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन करेगा।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश मंत्री नरेश पंजाबी, युवा जिलाध्यक्ष दुष्यंत यादव, आकाश जैन, अनिल गुप्ता, मुन्नालाल गोला, रमाशंकर दादा, स्वतंत्र गुप्ता, सुशील जाट, रामगोपाल बजाज, पारुल गुप्ता, सुबोध बघेल, रजनीश शर्मा, श्यामवीर सिंह, हर्षवर्धन, विकास लहरी, अनिल कुमार डब्बू, सुभाष यादव सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।





