फिरोजाबाद। विकास भवन सभागार में आयोजित समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के जनपद स्तरीय टॉप-10 मेधावी छात्र-छात्राओं को जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। मेधावियों को 21 हजार रुपये का चेक, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि छात्र-छात्राओं की कड़ी मेहनत का आज उचित सम्मान हो रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की कि मेधावी विद्यार्थियों की समय-समय पर काउंसलिंग कर उन्हें बेहतर मार्गदर्शन प्रदान किया जाए, ताकि वे अपने जीवन में उज्ज्वल और सफल करियर का चयन कर सकें।
मेयर कामिनी राठौर तथा ब्लॉक प्रमुख डॉ. लक्ष्मी नारायण यादव ने कहा कि इन विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि हाईस्कूल की मेरिट में जनपद ने 15 स्थानों की छलांग लगाई है, जबकि इंटरमीडिएट में भी सात स्थानों का सुधार दर्ज किया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षा का बेहतर वातावरण मिलने से उनकी प्रतिभाएं निखरकर सामने आ रही हैं।
कार्यक्रम में हाईस्कूल वर्ग के मेधावियों में कीर्ति अनमोल सिंह, दीपक कुमार, विशाल कुमार, नव्या, भरतकांत, खुशी, अस्मित, आयुष्मान और कुशाग्र यादव को सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट वर्ग में गुनगुन, अंकित, रोहित, वर्तिका, आर्यांशी, गौरी, नित्या, दीक्षा, मानवेंद्र सिंह और आलिया को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रधानाचार्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





