फिरोजाबाद। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम सेल और थाना उत्तर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक सहित भारी मात्रा में डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध चंचल त्यागी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस ने जैन नगर निवासी आशु पाठक पुत्र पदम पाठक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से अनजान व्हाट्सएप ग्रुपों में शामिल होकर अपना, अपने भाई और एक परिचित महिला का क्यूआर कोड साझा करता था।
इसके बाद वह ग्रुप के सदस्यों के मोबाइल नंबर हासिल कर उन्हें व्हाट्सएप कॉल करता और लॉटरी लगने, इनाम मिलने अथवा अन्य प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाता था। ठगी की गई रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराकर मनी लॉन्ड्रिंग की जा रही थी। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर विभिन्न राज्यों से आठ ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। इन शिकायतों में लाखों रुपये की साइबर ठगी की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लेनोवो लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड, तीन बैंक पासबुक और एक मोटरसाइकिल की आरसी बरामद की है। बरामद डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है, जिससे ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
इस संबंध में थाना उत्तर में मुकदमा संख्या 292/2026 धारा 318(4) बीएनएस एवं 66-डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





