फिरोजाबाद। नगर निगम के वार्ड संख्या 35 स्थित नगला भाऊ के आनंदीपुरम क्षेत्र में गली निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि डूडा विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य के तहत गली में मिट्टी डालने का कार्य शुरू किया गया है, लेकिन उन्हें आशंका है कि निर्माण कार्य पूरी गली में न कराकर केवल एक हिस्से तक सीमित रखा जा सकता है।
गायत्री मंदिर के समीप रहने वाले लोगों का कहना है कि यदि गली का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया तो बरसात के मौसम में जलभराव, कीचड़ और आवागमन की समस्याएं पहले की तरह बनी रहेंगी। उनका कहना है कि विकास कार्यों का लाभ क्षेत्र के सभी नागरिकों को समान रूप से मिलना चाहिए और पूरी गली का निर्माण कराया जाना चाहिए।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि निर्माण कार्य को निर्धारित योजना के अनुसार पूर्ण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस संबंध में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे डूडा विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराकर उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग करेंगे।





