• Home
  • News
  • भोजपाल प्रतिभा सम्मान समारोह में 400 मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

भोजपाल प्रतिभा सम्मान समारोह में 400 मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

भोपाल। जन शिक्षा स्वास्थ्य कल्याण समिति द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘भोजपाल प्रतिभा सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन हिंदी भवन, भोपाल में किया गया। समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 400 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और गर्व झलकता नजर आया।

समारोह में एक विशेष क्षण तब देखने को मिला जब एक दिव्यांग छात्रा को उसकी असाधारण उपलब्धि के लिए प्रशस्ति पत्र के साथ 5,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। समिति के अध्यक्ष नितिन कुमार गुप्ता ने कहा कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाना और अन्य छात्रों को प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि MP बोर्ड, CBSE और ICSE बोर्ड से 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी इस सम्मान के पात्र थे।

कार्यक्रम में भोपाल की महापौर मालती रॉय, विधायक भगवानदास सबनानी, चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष गोविंद गोयल, कार्यक्रम संयोजक मुकेश गोयल, सहसंयोजक डॉ. अंकुर अग्रवाल तथा प्रसिद्ध कथावाचक प्रतीकेश्वर महाराज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने और देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top