• Home
  • News
  • भारतीय डाक विभाग ने ग्रुप मंगलम पर जारी किया कस्टमाइज्ड डाक टिकट और विशेष आवरण

भारतीय डाक विभाग ने ग्रुप मंगलम पर जारी किया कस्टमाइज्ड डाक टिकट और विशेष आवरण

अहमदाबाद। भारतीय डाक विभाग ने स्वर्गीय तेजमल जी मंगल द्वारा स्थापित ग्रुप मंगलम की 84 वर्षों की सफल यात्रा को सम्मानित करते हुए एक कस्टमाइज्ड डाक टिकट (माई स्टैम्प) और विशेष आवरण जारी किया। यह विशेष आयोजन नवरंगपुरा स्थित मंगलम  Worldwide Limited परिसर में आयोजित किया गया। समारोह में गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावळेश्वरकर तथा उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने 1 जून 2026 को विशेष डाक टिकट एवं आवरण का विमोचन किया। इस अवसर पर ओम प्रकाश मंगल, विपिन प्रकाश मंगल, प्रवर अधीक्षक डाकघर चिराग मेहता, डिप्टी अधीक्षक मंजुलाबेन पटेल तथा सहायक निदेशक अल्पेश शाह सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावळेश्वरकर ने कहा कि डाक टिकट देश की संस्कृति, कला, इतिहास, विरासत, महान विभूतियों और उपलब्धियों के संवाहक होते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग की कस्टमाइज्ड डाक टिकट योजना संस्थानों और संगठनों को अपनी उपलब्धियों और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का एक विशिष्ट मंच प्रदान करती है। ग्रुप मंगलम की 84 वर्षों की उपलब्धियों को समर्पित यह डाक टिकट संस्था के उत्कृष्ट योगदान और समाज में स्थापित विश्वास का सम्मान है।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक टिकट केवल एक स्मृति नहीं, बल्कि इतिहास का दस्तावेज होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक डाक टिकट के पीछे एक प्रेरणादायक कहानी होती है और यह विशेष डाक टिकट ग्रुप मंगलम की गौरवशाली यात्रा को देशभर तक पहुंचाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए उसकी विरासत को संरक्षित करेगा।

ग्रुप मंगलम के अध्यक्ष विपिन प्रकाश मंगल ने बताया कि वर्ष 1942 में राजस्थान के ब्यावर में तेजमल जी मंगल द्वारा स्थापित समूह ने 84 वर्षों में उत्कृष्टता, नवाचार और विश्वास की मजबूत पहचान बनाई है। वर्तमान में समूह कृषि उत्पाद, स्टेनलेस स्टील और रिटेल जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सफलतापूर्वक कार्य कर रहा है। ओम प्रकाश मंगल ने भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी इस सम्मान को पूरे मंगलम परिवार के लिए गर्व और भावनात्मक महत्व का अवसर बताते हुए विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top